News Info

Go back
बदलता मौसम नहीं, बल्कि कुछ और है Joint Pain का कारण, समझें क्या है इसके पीछे की असल वजह

17 August, 2024, 06:26 AM

बदलता मौसम नहीं, बल्कि कुछ और है Joint Pain का कारण, समझें क्या है इसके पीछे की असल वजह

क्या आप भी ये मानते हैं कि मौसम में बदलाव के साथ आपके घुटनों या पीठ का दर्द बढ़ जाता है? अगर हां तो आप अकेले नहीं हैं। कई लोगों का ऐसा मानना है कि तापमान में बदलाव के कारण (Joint pain causes) जोड़ों आदि में दर्द की समस्या बढ़ जाती है। लेकिन हाल ही में हुई स्टडी का कुछ और ही कहना है। जानें क्या कहती है ताजा स्टडी।

तापमान में बदलाव की वजह से Joint Pain की समस्या नहीं बढ़ती।
ऐसा सिडनी में हुई एक स्टडी में पता चला है।
सर्दियों में दर्द बढ़ने के पीछे तापमान का नहीं, बल्कि हमारी आदतों का हाथ है।

बरसात या ठंड का मौसम आते ही लोगों में जोड़ों में दर्द आदि की शिकायतें बढ़ जाती हैं। तापमान घटते ही कई लोगों को चलने-फिरने में तकलीफ या उठने-बैठने में भी दर्द होता है। खासकर आर्थराइटिस या गाउट के मरीजों के में ये परेशानियां काफी सुनने को मिलती हैं। लेकिन हाल ही में एक स्टडी सामने आई है, जिसमें बहुत चौंकाने वाली बात सामने आई है। इस स्टडी में ठंडे मौसम का जोड़ों के दर्द के बीच का कनेक्शन सामने आया है।

यूनिवर्सिटी ऑफ सिडनी में हुई स्टडी में सामने आया है कि सर्दियों में जोड़ों के दर्द की समस्या बढ़ना एक मिथ्या है। ये बिल्कुल सच नहीं है, बल्कि मौसम का जोड़ों आदि के दर्द से कोई लेना-देना नहीं है। इस स्टडी में पता चला है कि मौसम और उमस का हड्डियों और मांसपेशियों के दर्द से कोई लेना-देना नहीं है।

आपको बता दें कि मौसम का आपकी सेहत पर जरूर प्रभाव पड़ता है, जैसे- सर्दियों में अस्थमा की समस्या बढ़ सकती है या गर्मियों में दिल से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं, लेकिन इसका जोड़ों के दर्द पर कोई असर नहीं पड़ता है। ऐसे में सवाल ये उठता है कि ठंडे मौसम में लोगों में दर्द की समस्या क्यों बढ़ जाती है।

क्या कहती है स्टडी?
इस सवाल का जवाब जानने के लिए एक स्टडी की गई, जिसमें इससे जुड़ी पिछली स्टडीज के डाटा का विश्लेषण किया गया। इसके लिए दुनियाभर से 15000 लोगों का डाटा इकट्ठा किया गया, जिन्हें ज्यादातर पीठ, घुटने और हिप ऑस्टियोआर्थराइटिस की समस्या थी। रूमाटॉइड आर्थराइटिस और गाउट के मरीजों को भी इसमें शामिल किया गया और ये देखा गया कि कितने लोगों को अलग-अलग मौसमों में दर्द की समस्या रही।

इस स्टडी में पाया गया कि तापमान, उमस, हवा का दबाव और बारिश में बदलाव के कारण घुटनों, हिप्स और पीठ के निचले हिस्से में दर्द की समस्या का जोखिम नहीं बढ़ता है। न ही मौसम में होने वाले बदलाव की वजह से आर्थराइटिस की समस्या होती है। हालांकि, बहुत कम तापमान, जैसे 10 डिग्री से नीचे के मौसम पर स्टडी नहीं की गई है। ध्यान देने वाली एक बात ये भी है कि गाउट इसमें एक अपवाद है, जो आर्थराइटिस का एक प्रकार है। इस कंडीशन में गर्म तापमान में इसके लक्षण बढ़ सकते हैं।

क्यों सर्दियों में दर्द बढ़ने की समस्या होती है?
मौसम का असर भले ही हमारी हड्डियों पर न पड़ता हो, लेकिन हमारी आदतों को जरूर प्रभावित करता है। सर्दी में अक्सर लोग कम फिजिकल एक्टिविटी करते हैं और ज्यादातर समय लेटना या बैठना पसंद करते हैं। इसके कारण पीठ दर्द की समस्या बढ़ने लगती है। ऐसे ही मौसम का प्रभाव हमारी नींद पर भी पड़ता है, जिसकी वजह से दर्द की समस्या बढ़ जाती है। साथ ही, सर्दी के मौसम में मूड भी काफी अच्छा नहीं रहता। खराब मूड के कारण भी घुटनों और पीठ में दर्द की परेशानी बढ़ सकती है। सर्दी के मौसम में आदतों में होने वाले इस बदलाव की वजह से ज्यादा दर्द की समस्या होती है न कि मौसम में बदलाव की वजह से।









Source:

https://www.jagran.com/lifestyle/health-joint-pain-causes-does-weather-influence-your-symptoms-find-out-here-23779325.html
Close
Need Help?
Call us at:
90391-43777
99074-07777
Need Help