News Info
Go back
1 July, 2024, 06:59 AM
खुद को तरोताजा बनाए रखने के लिए इन चीजों को जरूर बनाएं डाइट का हिस्सा
मानसून का आगमन हो गया है लेकिन अभी भी उमस की वजह से काफी बेचैनी महसूस होती है। ऐसे में काफी पसीना भी निकलता है जिससे काफी थका हुआ महसूस होता है। ऐसे में अपने खाने में कुछ चीजों को शामिल करने से आपको काफी फायदा मिल सकता है। आइए जानें किन फूड आइटम्स को खाने से आपको फ्रेश और बेहतर महसूस हो सकता है।
इस मौसम में पसीना ज्यादा आता है, जिसके कारण थकान महसूस होती है।
तरोताजा महसूस करने के लिए खाने में कुछ खास चीजों को शामिल करना चाहिए।
इन चीजों से शरीर में पानी की कमी पूरी होती है और पाचन भी बेहतर रहता है।
गर्मी का मार भले ही कम हो गई हो, लेकिन मानसून में हवा में नमी इतनी बढ़ जाती है कि इससे भी हमारा हाल बेहाल रहता है। भारत एक ट्रॉपिकल देश है, जहां हवा में उमस बढ़ने की वजह से काफी बेचैनी महसूस होती है। ऐसे में खुद को तरोताजा बनाए रखना किसी चुनौती से कम नहीं है, लेकिन आपको बता दें कि अपनी डाइट में कुछ खास चीजों को शामिल करके आप खुद को चुस्त और दुरुस्त रख सकते हैं। इनसे आपका पाचन भी बेहतर रहेगा और आपको पोषण भी मिलेगा, जिससे मानसून में होने वाली बीमारियों से बचाव करने में मदद मिलेगी। आइए जानें किन चीजों को खाने में शामिल करने से आपकी सेहत को फायदा मिलेगा और आप फ्रेश भी महसूस करेंगे।
जीरा
सुनने में आपको भले ही ऐसा लग सकता है कि इसमें क्या खास है, तो आपको जानकर हैरत होगी जीरा ठंडी तासीर का होता है, जिससे पेट की गर्माहट दूर होती है और पाचन से जुड़ी परेशानियां नहीं होती। जीरे को आप सब्जी या दाल में छोंक मारने के लिए इस्तेमाल करते होंगे, लेकिन इसे भुनकर इसका पाउडर बनाकर आप अन्य चीजों में भी इसे शामिल कर सकते हैं। जैसे सलाद का स्वाद बढ़ाने के लिए आप उसमें थोड़ा जीरा पाउडर मिला लें।
तरबूज
तरबूज में भारी मात्रा में पानी मौजूद होता है। एक तरबूज में 99 प्रतिशत पानी मौजूद होता है। इसलिए इन्हें खाने में शामिल करने से आपके शरीर में पानी की कमी नहीं होगी, जो मानसून में काफी जरूरी होता है। इस मौसम में उमस की वजह से पसीना बहुत आता है, इसलिए हाइड्रेटेड रहना बेहद जरूरी है। साथ ही, तरबूज में कई पोषक तत्व भी होते हैं, जो सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं।
छाछ
ठंडा-ठंडा छाछ पीते ही शरीर तरोताजा महसूस करने लगता है। इसलिए छाछ को डाइट का हिस्सा जरूर बनाएं। यह पाचन को दुरुस्त रखता है। इसे दही से बनाया जाता है, इसलिए इसमें प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो गट हेल्थ को बेहतर बनाते हैं। इसलिए रोज छाछ पीना काफी फायदेमंद होता है। इसे आप अलग-अलग तरीकों से बना सकते हैं, जैसे मसाला छाछ, प्लेन छाछ आदि।
सत्तू
सत्तू चने को भूनकर और फिर पीसकर बनाया जाता है। इसमें प्रोटीन और फाइबर दोनों भरपूर मात्रा में होते हैं, जो सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। फाइबर पाचन के लिए काफी जरूरी होता है और इससे काफी देर तक पेट भी भरा रहता है। इसलिए इस मौसम में सत्तू का शरबत पीना भी काफी फायदेमंद रहेगा और आपको फ्रेश भी महसूस होगा।
लौकी
लौकी एक ऐसी सब्जी है, जिसे बिल्कुल न के बराबर मात्रा में तेल और मसाले का इस्तेमाल करके बनाया जाता है। इसलिए इसे खाने से पाचन तंत्र पर अधिक दबाव नहीं पड़ता और साथ ही, लिवर के लिए भी फायदेमंद होती है। इसलिए लौकी को डाइट का हिस्सा जरूर बनाएं।
प्याज
कच्चा प्याज पीने से गर्मी से शरीर को होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलती है। इसमें पानी के साथ-साथ कई जरूरी खनीज भी होते हैं, जो सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। ऐसे में रोज खाने के साथ कच्चा प्याज जरूर खाएं। इससे शरीर में पानी की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी।
सलाद
सलाद शरीर में पानी की कमी को पूरा करते हैं और साथ ही, पाचन को भी बेहतर बनाता है। इसलिए अपने खाने में खीरा, ककड़ी, टमाटर, प्यार, मूली आदि का सलाद जरूर खाएं। इससे भी आपको काफी फ्रेश महसूस होगा।
Source:
https://www.jagran.com/lifestyle/health-foods-which-can-keep-you-fresh-and-hydrated-during-the-monsoon-season-23749117.html




