News Info
Go back
17 June, 2024, 09:20 AM
30 पार करते ही महिलाओं को अपनी डाइट में शामिल कर लेने चाहिए ये 5 Superfoods, हमेशा रहेंगी चुस्त और दुरुस्त
महिलाएं आमतौर पर अपनी सेहत को लेकर लापरवाही करती हैं। कई शोध में भी यह बात सामने आ चुकी है कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं को ज्यादा एनर्जी की जरूरत होती है जिसके लिए उनका रोजाना एक बेहतर डाइट लेना जरूरी है। ऐसे में आइए आज आपको बताते हैं कुछ ऐसे सुपरफूड्स जिन्हें 30 की उम्र के बाद आपको अपनी डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए।
बढ़ती उम्र में महिलाओं को अपनी डाइट का खास ख्याल रखने की जरूरत होती है।
शरीर में होने वाले पीरियड्स, प्रेग्नेंसी और मेनोपॉज जैसे बदलाव सेहत पर काफी असर डालते हैं।
शरीर को हेल्दी बनाए रखने के लिए कुछ सुपरफूड्स का सेवन काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।
बढ़ती उम्र में महिलाओं के शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव के पीछे कई बार पोषक तत्वों की कमी भी जिम्मेदार होती है। जाहिर है, खानपान में की गई लापरवाही का आपकी सेहत पर सीधा असर देखने को मिलता है। ऐसे में आज हम आपको 30 की उम्र के बाद भी शरीर को हेल्दी बनाए रखने के लिए कुछ जरूरी सुपरफूड्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके सेवन से आप पूरे दिन एनर्जेटिक रह सकती हैं और कई बीमारियों से अपना बचाव भी कर सकती हैं। आइए जानते हैं।
दूध
महिलाओं को कैल्शियम और विटामिन डी की कमी पूरा करने के लिए लो फैट मिल्क को अपनी डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए। इससे आपकी बॉडी पर्याप्त मात्रा में विटामिन D और कैल्शियम प्राप्त होता है। इसके सेवन से आपकी हड्डियां मजबूत होती हैं। साथ ही, आप ऑस्टियोपोरोसिस, डायबिटीज, मल्टीपल स्केलेरोसिस, ब्रेस्ट और ओवरी के ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों से भी बचे रहते हैं।
दही
महिलाओं को अपने खानपान में दही या लो फैट योगर्ट को भी शामिल करना चाहिए। कुछ स्टडीज में माना गया है कि दही खाने से ब्रेस्ट कैंसर का खतरा कम हो सकता है और पेट से जुड़ी कई तरह की समस्याएं भी दूर हो जाती हैं। दही के सेवन से अल्सर और वेजाइनल इंफेक्शन का खतरा भी कम किया जा सकता है।
बीन्स
प्रोटीन और फाइबर जैसे जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर बीन्स का सेवन करने से आप दिल की बीमारियों और ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को कम करने में मदद पा सकते हैं। बीन्स को डाइट में शामिल करने से हार्मोन्स भी बैलेंस रहते हैं, साथ ही यह बैड कोलेस्ट्रॉल की समस्या से भी राहत पहुंचाने का काम करती है।
टमाटर
सेहतमंद रहने के लिए महिलाओं को अपनी डाइट में टमाटर को भी जरूर शामिल करना चाहिए। बता दें, कि इसमें लाइकोपीन नामक तत्व पाया जाता है जिससे ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचा जा सकता है। इसमें कई जरूरी एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं, जो आपको दिल से जुड़ी बीमारियों से बचाने में भी काफी कारगर है। यही नहीं, इसके सेवन से त्वचा को भी को हेल्दी बनाए रख सकते हैं।
बेरीज
अच्छी सेहत के लिए महिलाओं को अपनी डाइट में बेरीज को भी जरूर शामिल करना चाहिए। सीजनेबल स्ट्रॉबेरी, रास्पबेरी, ब्लूबेरी और क्रैनबेरी एंटी-कैंसर तत्वों से भरपूर होती है। कई शोध में यह बात सामने आ चुकी है कि बेरीज महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर से बचाने में मदद करती हैं। विटामिन सी और फोलिक एसिड का एक शानदार सोर्स होने के कारण यह एंटी-एजिंग गुणों से भी भरपूर होती हैं।
Source:
https://www.jagran.com/lifestyle/health-superfoods-that-women-must-include-in-their-daily-diet-after-30s-superfoods-for-women-in-hindi-23740498.html




