News Info

Go back
भुने चने में भी हो रही है इस केमिकल की मिलावट, ज्यादा पीला और मोटा चना हो सकता है सेहत के लिए खतरनाक

3 June, 2024, 10:52 AM

भुने चने में भी हो रही है इस केमिकल की मिलावट, ज्यादा पीला और मोटा चना हो सकता है सेहत के लिए खतरनाक

जिस चने को आप सेहतमंद मानकर मुट्टी भर-भर कर खाते हैं। वो चना आपको कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी दे सकता है। भुने चने में एक खतरनाक केमिकल की मिलावट की जा रही है, जिससे चना मोटा और ज्यादा पीला हो जाता है। ऐसे चने खाने से बचें।
आजकल हर चीज में मिलावट हो रही है। हालांकि अभी भी कुछ चीजें जैसे नारियल पानी हो गया या फिर भुना चना इनमें मिलावट कम होती है और यही वजह है कि लोग इन चीजों का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। जिस चने को सेहतमंद मानकर आप लोग खाते हैं अब उसमें भी मिलावट की जा रही है। मार्केट में पीले और मोटे फूले हुए चने मिल रहे है। चने के रंग को ज्यादा पीला और साइज में मोटा बड़ा करने के लिए इसमें केमिलक मिलाया जा रहा है। जिससे चना एकदम खिला-खिला और मोटा दिखता है, लेकिन ये चना आपकी सेहत के लिए हानिकारक साबित हो रहा है। आइये जानते हैं चने में कैसी मिलावट की जा रही है?

चने में हो रही है औरामीन केमिकल की मिलावट
जब आप चने खरीदने जाते हैं तो अक्सर मोटे साइज के फूले और पीले चने ही खरीदते हैं। ये चने दिखने में साफ सुथरे लगते हैं, लेकिन आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकते हैं। दरअसल ज्यादा पीले और मोटे साइज के चने में हानिकारक रंग औरामीन की मिलावट की जाती है। ये एक नॉन परमिटेड सिंथेटिक कलर है। जो खाने योग्य नहीं है। धीरे-धीरे इस केमिकल के शरीर में प्रवेश करने से कैंसर सेल्स विकसित हो सकती है। यानि आप जिस चने को सेहतमंद मानकर खा रहे हैं वो आपको कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी दे सकता है। 

कैसे चना खरीदें और खाएं
अगर आप बाजार से चने खरीद रहे हैं तो देख लें चने के रंग ज्यादा पीला तो नहीं है। बहुत अधिक फूले और मोटे चने खरीदकर खाने से बचें। बेहतर होगा कि आप कच्चा चना खरीदकर खुद से भुनवाएं। कई हॉकर्स और ठेले वाले आपके सामने चना भूनकर देते हैं। आप उनसे चना खरीदकर खाएं। 

चने खाने के फायदे
चना खाना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। हेल्थ को लेकर सजग रहने वाले लोग अक्सर नाश्ते में या फिर शाम को चाय के साथ स्नैक्स में भुने चने खाना पसंद करते हैं। चना खाने से वजन कम होता है और डायबिटीज में भी इसे फायदेमंद माना जाता है। चना फुल फाइबर और विटामिन से भरपूर होता है। इससे पेट और पाचन तंत्र स्वस्थ बनता है। शरीर को ताकत देने और खून बढ़ाने में चना मदद करता है।



Source:

https://www.indiatv.in/health/bhune-chane-me-milawat-adulteration-in-roasted-gram-big-size-yellow-chana-can-be-cancerous-2024-06-03-1049905
Close
Need Help?
Call us at:
90391-43777
99074-07777
Need Help