News Info

Go back
कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर पैरों में दिखाई देते हैं ये 5 लक्षण, 90 फीसदी लोग साधारण समझकर करते हैं इग्नोर

18 July, 2024, 09:20 AM

कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर पैरों में दिखाई देते हैं ये 5 लक्षण, 90 फीसदी लोग साधारण समझकर करते हैं इग्नोर

Signs Of High Cholesterol In Legs: आजकल के गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण लोग कई तरह की गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। इसमें हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या भी शामिल है। दरअसल, कोलेस्ट्रॉल हमारे शरीर में मौजूद एक मोम जैसा चिपचिपा पदार्थ होता है, जो शरीर के बेहतर कामकाज के लिए जरूरी होता है। हमारे शरीर में दो तरह के कोलेस्ट्रॉल होते हैं, पहला गुड कोलेस्ट्रॉल (HDL) और दूसरा बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL)। शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने पर यह नसों में जमने लगता है और ब्लॉकेज का कारण बन सकता है। इसके कारण ब्लड फ्लो अवरुद्ध हो सकता है और हार्ट अटैक, स्ट्रोक और कोरोनरी हार्ट डिजीज जैसी कई दिल से जुड़ी बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। ऐसे में, नियमित रूप से कोलेस्ट्रॉल लेवल की जांच करते रहना जरूरी है। कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर शरीर में कई तरह के लक्षण दिखाई देते हैं। इनमें से कुछ लक्षण पैरों में भी दिखाई दे सकते हैं। यदि समय रहते इन लक्षणों की पहचान कर ली जाए, तो आप इस समस्या से बच सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको पैरों में नजर वाले आने वाले कुछ ऐसे लक्षणों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो हाई कोलेस्ट्रॉल का संकेत हो सकते हैं (High Cholesterol Signs In Legs In Hindi)।

पैरों में दर्द और ऐंठन
पैरों में दर्द और ऐंठन होना हाई कोलेस्ट्रॉल का संकेत हो सकता है। दरअसल, जब पैरों की धमनियों में कोलेस्ट्रॉल जम जाता है, तो रक्त प्रवाह बाधित हो सकता है। इसके कारण पैरों में दर्द और ऐंठन की समस्या हो सकती है। इस स्थिति को पेरिफेरल आर्टरी डिजीज (PAD) कहा जाता है। अगर आपको लगातार अपने पैरों में तेज दर्द के साथ भारीपन महसूस हो रहा है, तो डॉक्टर से मिलकर चेकअप करवाएं।

पैरों की त्वचा का रंग बदलना
हाई कोलेस्ट्रॉल की स्थिति में पैरों की स्किन का रंग अचानक बदला हुआ नजर आ सकता है। दरअसल, जब कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है, तो शरीर के निचले हिस्से तक रक्त का प्रवाह ठीक तरह से नहीं हो पाता है। इसके कारण पैरों तक पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन युक्त रक्त नहीं पहुंच पाता है। इसकी वजह से पैरों का रंग बैंगनी या नीला हो जाता है। अगर आपको भी इस तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो फौरन डॉक्टर से संपर्क करें।

पैरों के तलवों का ठंडा रहना
सर्दी के मौसम में पैर ठंडे रहना एक सामान्य बात है। लेकिन अगर आपके पैरों के तलवे हमेशा ठंडे रहते हैं, तो यह कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का संकेत हो सकता है। दरअसल, हाई कोलेस्ट्रॉल की वजह से रक्त संचार ठीक से नहीं हो पाता है, जिसके कारण पैर ठंडे महसूस हो सकते हैं। इस तरह की परेशानी महसूस होने पर आपको तुरंत अपने हेल्थ एक्सपर्ट से संपर्क करना चाहिए।

पैरों में सुन्नपन
पैरों में झनझनाहट या सुन्नपन महसूस होना भी हाई कोलेस्ट्रॉल का संकेत हो सकता है। दरअसल, कोलेस्ट्रॉल बढ़ने के कारण पैरों में ब्लड फ्लो सही ढंग से नहीं हो पाता है, जिसकी वजह से पैरों में सुन्नपन और झुनझुनी महसूस हो सकती है। अगर आपको भी इस तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो तुरंत अपने डॉक्टर से संपर्क करें।

घाव भरने में देरी
शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने की वजह से घाव भरने में अधिक समय लग सकता है। खासकर, हाथ व पैरों में लगी चोट व घाव भरने में देरी हो सकती है। हालांकि, यह समस्या कई अन्य कारणों से भी हो सकती है। ऐसी स्थिति में आपको डॉक्टर से मिलकर जांच करवानी चाहिए ताकि सही कारण का पता लगाया जा सके।







Source:

https://www.thehealthsite.com/hindi/diseases-conditions/these-5-signs-of-high-cholesterol-that-can-be-seen-in-legs-and-feet-in-hindi-1108158/
Close
Need Help?
Call us at:
90391-43777
99074-07777
Need Help